बीसलपुर। अपना दल कमेरावादी की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष प्रेमसागर पटेल की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक के दौरान श्रीमती नेमवती शर्मा को विधानसभा उपाध्यक्ष महिला मंच तथा राधा को नगर उपाध्यक्ष महिला मंच की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा वेदराम राठौर को विधानसभा उपाध्यक्ष और प्रमोद कुमार को तहसील अध्यक्ष युवा मंच मनोनीत किया गया। जिलाध्यक्ष प्रेमसागर पटेल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन के हित में पूरी निष्ठा और सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। जिला सचिव अफजल खां ने सभा को संबोधित करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार निरंकुश हो गई है और लोकतंत्र में युवाओं का दमन करने वाली आजाद भारत की पहली सरकार है। उन्होंने कहा कि देश के युवा, मजदूर और किसान अब सरकार की मंशा को समझ चुके हैं और सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। आने वाला समय अपना दल कमेरावादी का होगा। किसान नेता रामचन्द्र लाल ने कहा कि भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है, जिससे आम जनमानस परेशान है। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से किसानों और मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष प्रेमसागर पटेल ने कहा कि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचारियों के हौसले बुलंद हैं और कमजोर एवं मजदूर वर्ग का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन नेताओं को खुश करने में जुटा हुआ है। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आगामी 23 अक्टूबर को रायबरेली में होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचकर सहभागिता करने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन जिला सचिव अतुल गंगवार ने किया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
