प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की विपणन विकास सहायता योजना (एससीएसपी) के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से तहसील लालगंज के हंडौर में बुधवार को एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी ग्रामोद्योग अधिकारी रहेन्द्र कुमार शुक्ला ने की। शिविर में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है। प्रभारी ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं एवं इच्छुक व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान नीतेश सिंह रहे, विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा सगरासुंदरपुर की शाखा प्रबंधक रशिम, क्षेत्र पंचायत सदस्य शमीमुद्दीन, समाजसेवी मुस्ताक अहमद सहित दीपक शुक्ला, श्याम बहादुर यादव, रमेश त्रिवेदी एवं भानु प्रताप सिंह अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिविर में ग्रामीणों एवं युवाओं ने भाग लेकर विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, बैंक ऋण, अनुदान तथा सरकारी सहायता से संबंधित जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने लाभार्थियों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर स्वयं का रोजगार स्थापित करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार ने किया।
