प्रतापगढः दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का हुआ आयोजन
August 05, 2026
प्रतापगढ़। दुग्धशाला विकास विभाग उ0प्र0 के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव के आयोजन के क्रम में दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के तत्वाधान में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना की अध्यक्षता में “जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव द्वारा सभी चयनित लाभार्थियों को मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संर्वधन योजना वर्ष 2026-27 चयन पत्र प्रदान किया गया। उप दुग्धशाला विकास अधिकारीध्जिला समन्वयक नन्द बाबा दुग्ध मिशन शील कुमार द्वारा नन्द बाबा दुग्ध म्निशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी समृद्धि योजना, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना एवं उत्तर प्रदेश दुग्ध नीति 2022 तथा दुग्ध सहकारिता के विषय में गहन चर्चा की गयी। मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ0 डी0एन0 श्रीवास्तव द्वारा पशुपालन विभाग की लाभार्थी परख योजनाओ, टीकाकरण, पशु प्रबन्धन तथा लम्पी स्किन रोग के विषय में पशुपालकों को जानकारी दी गयी। कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डा0 प्रसन्नजीत द्वारा चारा प्रबन्धन पर वृहद चर्चा की गयी। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित सभी किसान व पशुपालको को सरकार की इस महत्वकांक्षी लाभार्थी परक योजना को दृढ़ संकल्प के साथ पूरे मनोभाव से इकाई स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया जिससे जनपद प्रतापगढ़ में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि व नस्ल सुधार में उन्नति हो सके। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव सहित अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।
