Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊ: बीजेपी झंडे को कचरा गाड़ी में फेंका! नगर निगम की बुलडोजर कार्रवाई पर भड़के कार्यकर्ता, मचा बवाल


लखनऊ। नगर निगम की एक हरकत ने सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं का पारा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। बीजेपी नेता डॉ. नीरज सिंह के जन्मदिन के मौके पर कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए होर्डिंग्स को नगर निगम की टीम ने न सिर्फ उखाड़ फेंका, बल्कि उन्हें कचरा उठाने वाली गाड़ी में लादकर ले गए। नियम-कायदों का पाठ पढ़ाने उतरी टीम की इस श्गंदी हरकतश् ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान और भावनाओं को सीधे तौर पर ठेस पहुंचाई है।

हंगामा तब और बढ़ गया जब कार्यकर्ताओं ने देखा कि होर्डिंग्स के साथ-साथ पार्टी के सम्मान का प्रतीक बीजेपी का झंडा भी बेहद बेअदबी के साथ कचरा गाड़ी में ठूंस दिया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर अवैध होर्डिंग्स हटाना नगर निगम का काम था, तो पार्टी के झंडे को ससम्मान अलग रखा जा सकता था। उसे कचरे की गाड़ी में फेंकना सीधे-सीधे पार्टी के सिंबल की तोहीन है। सिर्फ इतना ही नहीं, बीजेपी नेता अमरपाल मौर्य के स्वागत में लगा होर्डिंग भी इसी तरह बर्बरता से उखाड़ दिया गया।

जब कार्यकर्ताओं ने इस मनमानी और बदतमीजी का विरोध किया, तो नगर निगम की टीम अपनी धौंस दिखाने पर उतर आई और कार्यकर्ताओं से बदसलूकी की। अब इस पूरी घटिया हरकत का वीडियो वायरल हो रहा है, जो नगर निगम के रवैये की पोल खोल रहा है।

सड़क से लेकर संगठन तक अब इस मुद्दे पर बवाल कटा हुआ है। गुस्से से तिलमिलाए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि यह मामला सिर्फ होर्डिंग हटाने का नहीं, बल्कि पार्टी के सम्मान से खिलवाड़ का है। कार्यकर्ताओं ने आलाकमान से तुरंत दखल देने की मांग की है और चेतावनी दी है कि वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की जांच हो और झंडे का अपमान करने वाले अफसरों और कर्मचारियों पर सीधी और सख्त कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |