बीसलपुर। समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के राष्ट्रीय सचिव हरिओम सिंह चैहान ने कहा कि समाजवाद, सामाजिक न्याय और विकास उनके राजनीतिक एवं सामाजिक प्रयासों की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि समाज के पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और अन्य वंचित वर्गों को सम्मान, अधिकार तथा समान अवसर दिलाने के लिए आवाज को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय केवल चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा विषय है। प्रदेश का विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब विकास की धारा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
हरिओम सिंह चैहान ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, सम्मान और अधिकारों में समान भागीदारी के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने पीडीए की विचारधारा के माध्यम से वंचित वर्गों को एकजुट करने की बात कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की आर्थिक परेशानियां बढ़ाई हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सभी वर्गों से एकजुट होकर अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास ऐसे समाज और उत्तर प्रदेश के निर्माण का है, जहां किसी व्यक्ति के साथ भेदभाव न हो और हर नागरिक को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।
