पीलीभीत। जहानाबाद थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने और बाइक घुमाकर उसे परेशान करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सुबह पीड़िता के परिजनों की ओर से थाना जहानाबाद में सूचना दी गई कि उनकी नाबालिग पुत्री स्कूल जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में अहमद नवी पुत्र मोहम्मद नवी, मोहल्ला पसियापुर, निवासी आरोपी बाइक घुमाकर छात्रा के साथ अभद्र टिप्पणी कर रहा था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0 308ध्2026 के तहत धारा 75 बीएनएस एवं धारा 7ध्8 पॉक्सो एक्ट में आरोपी अहमद नवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने बिना देर किए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की और अहमद नवी उम्र करीब 25 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ गुंडा अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई कर जिला बदर की कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है। इसके अलावा प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अन्य आवश्यक कठोर विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया है। स्कूल आने-जाने वाले रास्तों पर किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ अथवा अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि नाबालिग छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और उन्हें रास्ते में परेशान करने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
