बीसलपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनसीसी की नई भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। 26 सीटों के लिए स्क्रीनिंग के बाद कुल 97 छात्र-छात्राओं ने भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। इस दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता, लिखित परीक्षा और स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
भर्ती प्रक्रिया के लिए यूपी-25 बटालियन एनसीसी शाहजहांपुर से कमांडिंग अफसर कर्नल संग्राम सिंह चीमा, प्रशासनिक अधिकारी कर्नल आनंद शर्मा, सूबेदार गुलशन, सूबेदार सुभाष चैहान, हवलदार शांतनु सामंथा, हवलदार सुनील ढाका और हवलदार कुंवरपाल सिंह सहित अधिकारी एवं जवान पहुंचे। महाविद्यालय तथा एसआरएम इंटर कॉलेज के मैदान का निरीक्षण किया गया, लेकिन बारिश के कारण वहां पानी भरा होने से भर्ती प्रक्रिया के लिए नया स्थान निर्धारित किया गया। इसके बाद केकेएस इंटर कॉलेज बीसलपुर की नई इमारत के पीछे स्थित बाग के मैदान में भर्ती प्रक्रिया कराई गई। यहां अभ्यर्थियों की दौड़, लिखित परीक्षा और मेडिकल टेस्ट कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर से स्वास्थ्य कर्मी देवेंद्र कुमार और हरिवंश भी स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मौजूद रहे। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. हेमलता ने पहुंचे अधिकारियों का स्वागत किया। एनसीसी अधिकारी डॉ. विकास प्रधान ने भर्ती से संबंधित व्यवस्थाएं संभालीं। दोनों कर्नलों ने भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों के अनुशासन की सराहना की। भर्ती प्रक्रिया को सफल बनाने में सीनियर अफसर आयुष कुमार व आदित्य, कैडेट कौशिकी, सृष्टि, शमा, अनमोल सिंह, विजय, आलोक, तौहीद, अभय, विराट, पवन, मोइन खान, शिवम पाठक तथा पुराने कैडेट अल्तमश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में डॉ. विकास प्रधान ने बुके और मोमेंटो देकर अधिकारियों को सम्मानित किया। संचालन कैडेट आयुष कुमार ने किया।
