पूरनपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चांट फिरोजपुर निवासी विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न आरोपों में पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विवाहिता ने अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये की मांग करने, मारपीट कर घर से निकालने तथा जेवर छीनने के आरोप लगाए हैं। विवाहिता मनु देवी के अनुसार उसका विवाह फरवरी 2026 में शाहजहांपुर जिले के खुटार क्षेत्र निवासी अवनीश कुमार के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। विवाहिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उसके जेवर भी अपने पास रख लिए। इसके अलावा उसने पति पर परिजनों के सहयोग से दूसरी महिला से शादी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में गर्भवती है। मामले को लेकर परिवार परामर्श केंद्र में समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन नोटिस के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग वहां उपस्थित नहीं हुए।
विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर, ननद और ननदोई समेत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
