Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः एसीओ की ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपाल संघ लामबंद! काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन, 22 अगस्त को थाना समाधान दिवस के बहिष्कार का ऐलान


पूरनपुर। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की ओर से लेखपालों के खिलाफ की जा रही ट्रैप कार्रवाइयों के विरोध में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने पूरनपुर तहसील में प्रदर्शन किया। लेखपालों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और दोपहर करीब तीन बजे उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लेखपाल संघ भ्रष्टाचार के खिलाफ नियमानुसार होने वाली कार्रवाई का विरोध नहीं करता, लेकिन दुर्भावना अथवा उत्पीड़न की भावना से की जाने वाली कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। संघ का आरोप है कि हाल के दिनों में कुछ लेखपालों के खिलाफ कथित रूप से झूठी और दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई किए जाने से उनकी सेवा, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक जीवन प्रभावित हुआ है। ज्ञापन में कहा गया कि फील्ड में तैनात लेखपाल विषम परिस्थितियों में शासन की प्राथमिकताओं के साथ-साथ राजस्व संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे में किसी भी कार्रवाई से पहले तथ्यों की निष्पक्ष जांच किया जाना आवश्यक है। लेखपाल संघ ने अयोध्या की सोहावल तहसील के लेखपाल उत्कर्ष दीप के प्रकरण का उल्लेख करते हुए संबंधित स्थल की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने और मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। संघ ने बताया कि प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर 22 अगस्त 2026 को प्रदेश की सभी तहसीलों में थाना समाधान दिवस का बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान लेखपाल सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक तहसील मुख्यालय पर शांतिपूर्ण धरना देंगे। संघ ने शासन और प्रशासन से पूरे मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान कराने तथा कार्रवाई में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |