पीलीभीत। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत दिव्यांग छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं और शैक्षिक सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) मरौरी में मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किया गया। कैंप में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे दिव्यांग छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कर उनकी दिव्यांगता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। कैंप में कुल 47 दिव्यांग छात्र-छात्राओं का पंजीकरण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की ओर से गठित विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल ने विद्यार्थियों की अलग-अलग दिव्यांगताओं का परीक्षण किया। इस दौरान ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. संजीव सक्सेना, फिजिशियन डॉ. संजीव कुमार, नेत्र सर्जन डॉ. सुरभी सिंह, ईएनटी सर्जन डॉ. प्रवीन शर्मा और डॉ. सचिन प्रजापति ने छात्र-छात्राओं की जांच की।
चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की दिव्यांगता से संबंधित आवश्यक जांच और आकलन किया गया। परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 छात्र-छात्राओं के दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए। प्रमाण पत्र मिलने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिली। कैंप में समग्र शिक्षा अभियान के स्पेशल एजुकेटर अनिल सोनकर, संजीव मिश्रा, रामदास, मनीष श्रीवास्तव, मीना देवी और अनुराधा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में दिव्यांग छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने भी कैंप में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई।
