सुलतानपुर: किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू राष्ट्रवादी ने भरी हुंकार! अघोषित विद्युत कटौती बंद करने और नहरों में मानक के अनुरूप पानी उपलब्ध कराने की मांग, नायब तहसीलदार को सौंपा 26 सूत्री मांगपत्र
August 21, 2026
सुल्तानपुर। भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी की मासिक बैठक शुक्रवार को ब्लॉक परिसर लंभुआ में जिला अध्यक्ष गौरी शंकर पांडेय की अध्यक्षता में हुई। सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठक में संगठन की ओर से पूर्व में दिए गए मांगपत्र पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों की समस्याओं का अब तक समाधान न होने पर पदाधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए रोष व्यक्त किया।बैठक में किसानों ने कहा कि क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। वहीं नहरों में मानक के अनुरूप पानी नहीं पहुंचने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी देरी पर किसानों ने आक्रोश जताया।सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि अघोषित विद्युत कटौती बंद नहीं की गई, नहरों में मानक के अनुरूप पानी उपलब्ध नहीं कराया गया और अन्य विभागों से संबंधित किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।बैठक समाप्त होने के बाद किसानों ने समस्याओं से संबंधित 26 सूत्री मांगपत्र नायब तहसीलदार को सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राज नारायण तिवारी व संजीव पांडेय, तहसील अध्यक्ष लंभुआ अरविंद उपाध्याय, तहसील संगठन मंत्री राजेंद्र प्रसाद मिश्र, ब्लॉक अध्यक्ष रामपाल, ब्लॉक प्रभारी राम अचल तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विष्णु शंकर, संगठन मंत्री नन्हाकू राम कनौजिया, ब्लॉक प्रभारी नंदलाल चैहान, भगवती प्रसाद यादव, सुनील यादव, वंशराज मौर्य, राम सुरेश यादव, तहसील प्रभारी कादीपुर कमालुद्दीन उर्फ भल्ले, विशाल धुरिया, महिला जिला अध्यक्ष सरिता सिंह, तहसील अध्यक्ष लंभुआ राजेश कुमारी पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष पूजा धुरिया, अमरावती सिंह, अर्चना कनौजिया, जय श्री गौतम, महिला ब्लॉक संगठन मंत्री आरती विश्वकर्मा समेत सैकड़ों पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।
