Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुल्तानपुरः बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, 16 वर्षीय बेटा घायल! तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, अंतिम संस्कार से पहले प्रशासन के आश्वासन पर माने परिजन


लंभुआ/सुलतानपुर। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गौहानी निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार उपाध्याय की सोमवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनका 16 वर्षीय पुत्र ध्रुव उपाध्याय भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवास सहित अन्य मदद की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। बाद में उपजिलाधिकारी लंभुआ से टेलीफोनिक वार्ता में मिले आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

प्राप्त तहरीर के अनुसार, गौहानी निवासी ज्योति उपाध्याय के पति विजय कुमार उपाध्याय अहमदाबाद (गुजरात) में ट्रक चालक के रूप में कार्य करते थे। सोमवार को वह छुट्टी लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर गौहानी लौट रहे थे। उनके साथ उनका पुत्र ध्रुव भी था। सुबह करीब छह बजे ग्राम भरसारे के पास एक बोलेरो वाहन संख्या न्च् 62 ।। 0693 ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। तहरीर में वाहन चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि टक्कर के बाद बोलेरो ने बाइक को करीब 10 मीटर तक घसीट दिया।हादसे में विजय कुमार उपाध्याय और उनके पुत्र ध्रुव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए भदैया ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान विजय कुमार उपाध्याय की मौत हो गई। वहीं उनके पुत्र ध्रुव का उपचार जारी है। हादसे में ध्रुव के बाएं पैर और हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं।

तहरीर में बोलेरो चालक के रूप में संतोष वर्मा निवासी खड़ुआन का नाम बताया गया है। मामले में मृतक की पत्नी ज्योति उपाध्याय की ओर से थाना शिवगढ़ में कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।

विजय कुमार उपाध्याय की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों ध्रुव उपाध्याय (16), पुष्पराज उपाध्याय (13) और पूजा उपाध्याय को छोड़ गए हैं। वहीं मृतक के वृद्ध पिता जय गोपाल उपाध्याय करीब 85 वर्ष के हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

पोस्टमार्टम के बाद जब विजय का शव घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों की मांग थी कि प्रशासन परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सहायता उपलब्ध कराए तथा आवास की व्यवस्था कराए। इसके बाद उपजिलाधिकारी लंभुआ से टेलीफोन पर परिजनों की वार्ता हुई। प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये दुर्घटना बीमा सहायता दिलाए जाने तथा परिवार की स्थिति को देखते हुए आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।मौके पर मौजूद क्षेत्रीय लेखपाल ने भी परिजनों से वार्ता कर प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया। टेलीफोनिक वार्ता और आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए धोपाप घाट ले गए।इस दौरान शिवगढ़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ लगातार मौके पर मौजूद रहे। घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीण और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए। हादसे में घायल ध्रुव के उपचार को लेकर भी परिजन चिंतित हैं। अब परिवार को प्रशासन के आश्वासन के पूरा होने का इंतजार है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |