सुल्तानपुर। खेल निदेशालय के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव रहे।
तीसरे दिन पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन प्रदेश सह-संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ राम चंद्र मिश्र ने किया। क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर की देखरेख में हुई इस प्रतियोगिता में स्टेडियम, लिटिल एंजेल, जूनियर नारायणपुर सहित आठ टीमों ने भाग लिया।
फाइनल मुकाबला स्टेडियम और सुल्तानपुर ट्रेनीज के बीच खेला गया। स्टेडियम की टीम ने 12-8 से जीत दर्ज की। सुल्तानपुर ट्रेनीज की ओर से कान्हा, वैभव और विनय गौड़ ने अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि स्टेडियम की ओर से विजय नारायण और अजीत का खेल उल्लेखनीय रहा।
मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि खेलों के लिए सरकार हर संभव मदद को तैयार है। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया तथा जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक सीताराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
