लखनऊ। राजधानी में स्वच्छता, सुगम यातायात और अतिक्रमण मुक्ति के लिए नगर निगम ने सोमवार को सख्त रुख अपनाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-1 और जोन-2 के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कुल ₹12,000 का जुर्माना वसूला गया।
जोन 1 अंतर्गत लालबाग नगर निगम कार्यालय से नावेल्टी सिनेमा और स्मार्ट सिटी क्षेत्र के आसपास सघन अभियान चलाया गया। सड़क पटरी पर अवैध पार्किंग कर यातायात बाधित कर रहे 6 चार-पहिया वाहनों में जैमर लगाए गए, जिनसे ₹9,000 का जुर्माना वसूला गया। जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह व प्रवर्तन दल की मौजूदगी में सड़क किनारे से अतिक्रमण भी हटवाया गया।
जोन-2 अंतर्गत बारावफात रूट, पीली कॉलोनी, बक्कल मिल और तिलक नगर क्षेत्र में घासों की कटाई, नाली सफाई, सिल्ट व कूड़ा उठान के साथ एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया गया। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 चालान काटे गए और ₹3,000 शमन शुल्क वसूला गया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी यह कार्रवाई बिना किसी रियायत के जारी रहेगी।
