चुर्क तिराहे पर लगे लोहिया द्वार एवं सर्किट हाउस तिराहे पर जनेश्वर मिश्र द्वार बनाया गया था, जिसे वर्तमान में नगर पालिका द्वारा सुन्दरीकरण के नाम पे उक्त नाम को ही बदल दिया गया है, जिसका घोर विरोध है।
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी ने जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगवां और कोन क्षेत्र में आदिवासियों की जमीन एवं जंगल पर कथित कब्जे को रोकने, खदान दुर्घटनाओं की सीबीआई जांच कराने, मृतक श्रमिकों के लिए एक करोड़ रुपये के बीमा की व्यवस्था करने तथा वनभूमि पर निवासरत आदिवासियों और मूल निवासियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की गई। सपा ने अमवार-कनहर परियोजना विस्थापितों के पुनर्वास, किसानों के लिए पर्याप्त यूरिया-डीएपी उपलब्ध कराने, हर घर जल योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने, जनजातियों को नियमानुसार आरक्षण देने तथा विद्यालयों को बंद करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की भी मांग उठाई। पार्टी ने पूर्व में बने लोहिया द्वार और जनेश्वर मिश्र द्वार के नाम परिवर्तन पर भी आपत्ति जताई।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष, सपा पूर्व राज्य मंत्री,पूर्व जिलाध्यक्ष गण, प्रमोद यादव,अनिल यादव, त्रिपुरारी गौड़,हिदायद खांन,मो० सैयद कुरैसी ,डॉ लोकपति सिंह समेत तमाम सपाई मौजूद रहे।
