CJI जस्टिस सूर्यकांत को अपशब्द कहने वाले लॉ स्टूडेंट गिरफ्तार, सुप्रीम कोर्ट में किया था हंगामा
July 15, 2026
सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान हंगामा करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कानून के छात्रों को गिरफ्तार किया है. दोनों पर अदालत की कार्यवाही में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार करने और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की जांच जारी है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रबल प्रताप सिंह और चंदर भान के रूप में हुई है. दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट की कोर्ट नंबर-13 में एक मामले की सुनवाई के दौरान प्रबल प्रताप सिंह ने खुद को याचिकाकर्ता बताकर पेश किया. इस दौरान उसने कथित तौर पर अदालत में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, कागज फेंके और न्यायिक कार्यवाही में बाधा उत्पन्न की.
जब कोर्ट में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ धक्का-मुक्की भी की. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और आगे की कार्रवाई शुरू की गई.
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद दोनों आरोपियों का आईएचबीएएस (IHBAS) में मेडिकल परीक्षण कराया गया. डॉक्टरों ने अपनी जांच में बताया कि दोनों को तत्काल किसी मानसिक उपचार की आवश्यकता नहीं है
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से आपत्तिजनक शब्दों वाले कुछ पर्चे भी बरामद किए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन पर्चों का उद्देश्य क्या था और क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश या योजना थी.
