छात्रों को मिला था कलमा याद करने का होमवर्क-केंद्रीय मंत्री बंडी संजय
July 16, 2026
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के सईदाबाद स्थित एक स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्रों को कथित तौर पर कलमा और सूरह फातिहा याद करने का होमवर्क दिए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने गुरुवार को स्कूल मैनेजमेंट पर तीखा हमला बोलते हुए इसे 'हिंदू संस्कृति पर जबरन हमला' बताया। उन्होंने इस घटना को पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ तुरंत और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि इस मामले को नजरअंदाज किया गया तो तेलंगाना के अन्य हिस्सों में भी इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
बंडी संजय ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर भी दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने ऑटो चालक भरत का मामला उठाते हुए कहा कि पुलिस और AIMIM के नेताओं ने कथित तौर पर उसके ऑटो पर लिखे एक संदेश को लेकर उसे परेशान किया।
बता दें कि हैदराबाद के सईदाबाद के इस स्कूल में कथित धार्मिक गृहकार्य को लेकर अभिभावकों और बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद स्कूल मैनेजमेंट ने विवादित मामले से जुड़ी शिक्षिका को नौकरी से निकाल दिया और उसे ब्लैकलिस्ट भी कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। बता दें कि पिछले साल मध्य प्रदेश से भी एक मामला सामने आया था जिसमें कलमा याद करके न आने पर एक शख्स ने एक युवती की पिटाई कर दी थी
