पीलीभीत/बरखेड़ा। जनपद के बरखेड़ा थाना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया। पुलिस ने व्यापारी के मुनीम से नकदी लूटने की साजिश रच रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, रामपुरी चाकू, फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बरखेड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश रसपुरा नहर पुलिया के पास किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूरनपुर निवासी अंकित सक्सेना तथा बरखेड़ा निवासी जतिन, विकास उर्फ गंठा और करण सिंह के रूप में हुई है। वहीं गिरोह का सदस्य सौरभ राजपूत पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अंकित पहले एक थोक किराना व्यापारी के यहां काम कर चुका था। उसे व्यापारी के लेन-देन और नकदी संग्रह की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर गिरोह ने व्यापारी के मुनीम से नकदी लूटने की योजना बनाई। इसके लिए पहले से हथियारों का इंतजाम किया गया, वारदात का स्थान तय किया गया और भागने के रास्तों का भी निरीक्षण कर लिया गया था। सभी आरोपी अंतिम रणनीति बना रहे थे कि पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बोर और .315 बोर के दो देशी तमंचे, छह जिंदा कारतूस, दो रामपुरी चाकू, फर्जी नंबर प्लेट लगी टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस संबंध में बरखेड़ा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4), 310(5) एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
बरखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक महेंद्र, नवीन कुमार, हिमांशु कुमार गौतम सहित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
