पीलीभीत। जनपद के लिए गर्व का विषय बने पूरनपुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय चोखा पुरी के प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार भारद्वाज को मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यालय द्वारा स्वच्छता, हरित वातावरण और उत्कृष्ट शैक्षिक प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने पर प्रदान किया गया।
प्राथमिक विद्यालय चोखा पुरी ने स्वच्छ हरित विद्यालय पुरस्कार की प्रतिस्पर्धा में पहले जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का सर्वश्रेष्ठ विद्यालय बनने का गौरव प्राप्त किया। इसके बाद विद्यालय ने राज्य स्तर पर निर्धारित सभी मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया। विद्यालय की इस उपलब्धि के आधार पर वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्यालय को प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया था।
मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार भारद्वाज को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चोखा पुरी जैसे दूरस्थ और तराई क्षेत्र के विद्यालय ने सीमित संसाधनों के बावजूद जिस प्रकार उत्कृष्ट कार्य किया है, वह पूरे जिले के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग, स्वच्छता, हरित परिसर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण यह साबित करता है कि मजबूत इच्छाशक्ति और समर्पण से किसी भी विद्यालय को आदर्श बनाया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में उपस्थित सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से कहा कि जब चोखा पुरी विद्यालय इतनी शानदार उपलब्धि हासिल कर सकता है तो जिले के अन्य विद्यालय भी ऐसा प्रदर्शन क्यों नहीं कर सकते। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा दें, ताकि जिले के अधिक से अधिक विद्यालय राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें।उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालय चोखा पुरी ने राष्ट्रीय स्तर पर 25वीं रैंक प्राप्त कर न केवल पूरनपुर और पीलीभीत, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार भारद्वाज के व्यक्तिगत प्रयासों, विद्यालय परिवार की टीम भावना तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी विद्यालय की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यालयों के लिए अनुकरणीय मॉडल बताया। कार्यक्रम में जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।जिले के शिक्षा जगत में यह सम्मान समारोह प्रेरणा का संदेश लेकर आया है। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि चोखा पुरी विद्यालय की सफलता से प्रेरणा लेकर जनपद के अन्य विद्यालय भी स्वच्छ, हरित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
