थाना मिलकखानम पुलिस की तत्परता और स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से बची जान, परिजनों को सुपुर्द
मिलक खानम । जनपद रामपुर पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक थाना मिलकखानम को अजीमनगर जाने वाले मार्ग स्थित पीलाखार नदी में एक महिला के डूबने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही थाना अजीमनगर पर नियुक्त उपनिरीक्षक कमल सिंह, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, महिला कांस्टेबल सरीता तथा पीआरवी-5९5९ की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर नदी में डूब रही महिला को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के उपरांत महिला को तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जहां वह पूर्णतः स्वस्थ पाई गई। इसके बाद नियमानुसार महिला के परिजनों को थाना मिलकखानम बुलाकर उन्हें महिला को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ के दौरान महिला के परिजनों ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
रामपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता एवं स्थानीय गोताखोरों के सराहनीय सहयोग से एक महत्वपूर्ण जीवन को सुरक्षित बचाया जा सका। पुलिस की इस मानवीय एवं संवेदनशील कार्यवाही की स्थानीय नागरिकों एवं महिला के परिजनों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
