Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

डिनर में ट्रंप ने कही ऐसी बात कि हिल गए लोग, बाद में बोले- 'मैं तो मजाक कर रहा था'


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर में अपने संभावित तीसरे राष्ट्रपति कार्यकाल को लेकर ऐसा मजाक किया कि वहां मौजूद लोग कुछ देर के लिए चौंक गए। हालांकि, इसके तुरंत बाद उन्होंने खुद ही साफ कर दिया कि वह सिर्फ मजाक कर रहे थे। दरअसल, व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर को इस साल दोबारा आयोजित किया गया था। WHCA कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि जैसे उनका दूसरा राष्ट्रपति कार्यकाल पहले से बेहतर है, उसी तरह यह दोबारा आयोजित डिनर भी पहले से बेहतर है।

ट्रंप ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में आकर मुझे खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि मेरी राष्ट्रपति पद की तरह दूसरी बार सब कुछ और बेहतर है, और तीसरी बार तो इससे भी बेहतर होगी। ट्रंप के इतना कहते ही कार्यक्रम में मौजूद लोग चौंक गए, क्योंकि अमेरिकी संविधान के मुताबिक कोई भी व्यक्ति दो बार से ज्यादा राष्ट्रपति नहीं चुना जा सकता।

अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन के तहत कोई भी व्यक्ति 2 बार से अधिक राष्ट्रपति नहीं चुना जा सकता। यह संशोधन 1951 में लागू किया गया था। यह नियम राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट के लगातार 4 बार राष्ट्रपति चुने जाने के बाद बनाया गया था। डोनाल्ड ट्रंप इस समय अपने दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल में हैं। हालांकि हाल के महीनों में वह कई बार सार्वजनिक मंचों से 2 कार्यकाल की सीमा से आगे भी पद पर बने रहने को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी कर चुके हैं। हालांकि ऐसा करने के लिए अमेरिकी संविधान में संशोधन करना होगा।

अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने एक और मजाक किया। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर का नाम बदलकर 'ट्रंप व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' रखा जा सकता है। ट्रंप ने दावा किया कि पैरामाउंट स्काईडांस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड एलिसन ने उन्हें ऐसा सुझाव दिया था।

बता दें इस साल व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर अप्रैल में होना था, लेकिन एक बड़ी सुरक्षा घटना के बाद इसे रद्द कर दिया गया था।

अधिकारियों के मुताबिक, कोल एलन नाम का एक व्यक्ति हथियार और चाकू लेकर वॉशिंगटन हिल्टन होटल के सुरक्षा घेरे को पार करने की कोशिश कर रहा था। उसे अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने काबू कर लिया। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी ने एक अधिकारी पर हमला भी किया था। घटना के दौरान बाहर गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बाद में आरोपी ने राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश और कानून प्रवर्तन अधिकारी पर हमला करने समेत 4 संघीय आरोपों में खुद को निर्दोष बताया। फिलहाल वह हिरासत में है और मामले की सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है।

दोबारा आयोजित इस डिनर में फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण शामिल नहीं हो सके। हालांकि, ट्रंप प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इनमें युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ, होमलैंड सिक्योरिटी मंत्री मार्कवेन मुलिन, गृह मंत्री डग बर्गम, ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट और शिक्षा मंत्री लिंडा मैकमैहन शामिल थे। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में ट्रंप का तीसरे कार्यकाल वाला बयान भले ही मजाक था, लेकिन इसने एक बार फिर अमेरिकी राजनीति में राष्ट्रपति पद की अवधि और संवैधानिक सीमाओं पर चर्चा छेड़ दी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |