भारत का एयरपोर्ट देखकर मंत्रमुग्ध हुए इजरायली राजदूत
July 16, 2026
भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने उम्मीद जताई है कि भारतीय कंपनियां जल्द ही इजरायल में भी एयरपोर्ट निर्माण का काम करेंगी। उनका यह बयान उस समय आया है, जब भारत के 2 एयरपोर्ट प्रिक्स वर्साय (Prix Versailles) द्वारा जारी 'दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट 2026' की सूची में शामिल किए गए हैं। रूवेन अजार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारत के इजरायल स्थित दूतावास की एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'उम्मीद है कि जल्द ही भारतीय कंपनियां इजरायल में भी एक एयरपोर्ट का निर्माण करेंगी।'
इससे पहले इजरायल में भारतीय दूतावास ने अपनी पोस्ट में बताया था कि गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को 'दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट 2026' की सूची में स्थान मिला है।
दूतावास ने दोनों भारतीय एयरपोर्टों के चयन पर गर्व जताते हुए इसे देश की बड़ी उपलब्धि बताया। उसने आगे कहा कि यह सम्मान भारत में तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास का प्रमाण है।
दूतावास के मुताबिक, भारत ऐसे विश्वस्तरीय प्रवेश द्वार तैयार कर रहा है, जो आधुनिक डिजाइन, पर्यावरणीय संतुलन और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत का बेहतरीन मेल हैं। साथ ही ये हर साल लाखों यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव भी उपलब्ध करा रहे हैं। भारतीय दूतावास ने आर्किटेक्चरल डाइजेस्ट पत्रिका का लेख भी साझा किया, जिसका शीर्षक था, 'दुनिया के 7 सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट, जिनमें भारत के 2 एयरपोर्ट भी शामिल।' पत्रिका ने लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 को लिस्ट में तीसरा स्थान दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस टर्मिनल का डिजाइन वास्तुकार नूरू करीम ने बांस ऑर्किड (Bamboo Orchid) पौधे से प्रेरित होकर तैयार किया है। टर्मिनल का स्वरूप एक विशाल बांस के जंगल जैसा दिखाई देता है। इसके वेटिंग रूम और ट्रांजिट एरिया में पूर्वोत्तर भारत की पारंपरिक कला और स्थानीय हस्तशिल्प का प्रदर्शन भी किया गया है। पत्रिका के मुताबिक, टर्मिनल की छत पर बने प्राकृतिक आकृति वाले डिजाइन ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियों के प्रवाह को दर्शाते हैं। ये डिजाइन यात्रियों को दिशा समझने में भी मदद करते हैं।
वहीं, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को इस लिस्ट में चौथा स्थान मिला है। बता दें कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से हाल ही में इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू हुई हैं। पत्रिका के मुताबिक, इस टर्मिनल का पूरा डिजाइन कमल के फूल की थीम पर आधारित है। विश्व प्रसिद्ध वास्तुशिल्प कंपनी जाहा हदीद आर्किटेक्ट्स ने एयरपोर्ट की छत से लेकर फूल जैसी आकृति वाले विशाल स्तंभों तक पूरे डिजाइन में कमल की अवधारणा को अपनाया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इन स्तंभों के बीच लगाए गए इंटरएक्टिव डिजिटल आर्टवर्क यात्रियों को एक अलग और आकर्षक अनुभव देते हैं तथा ट्रांजिट क्षेत्र को रंगीन और जीवंत बनाते हैं।
