राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में विवादित बयान पर सतीश महाना को देनी पड़ी सफाई
July 15, 2026
यूपी के स्पीकर सतीश महाना ने अपने उस बयान पर सफाई दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि जिन्होंने सच्ची श्रद्धा से दान नहीं किया, राम मंदिर में उन्हीं का चढ़ावा चोरी हुआ। महाना ने इस बयान पर उठ रहे विवाद पर कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के रेफरेंस में यह बयान दिया था।
सतीश महाना ने कहा कि जो लोग राम मंदिर के नाम पर भड़क जाते थे, जो बाबरी मस्जिद के साथ थे वो अब राम मंदिर में चंदे पर क्यो सवाल खड़े कर रहे हैं? जब दिग्विजय सिंह ने कहा कि मेरा पैसा वापस हो तब मैने कहा कि उन्होंने श्रद्धा से नहीं दिया होगा। इसलिये वो पैसा वापस मांग रहे होंगे। अगर आस्था से भगवान को पैसा चढ़ाया तो कोई वापस मांगता है क्या? हमने कहा कि मैंने तो आस्था से दान दिया और मेरा पैसा मन्दिर निर्माण में लगा है।
अयोध्या राम मंदिर चंदे में गड़बड़ी के मामले पर अपने बयान पर स्पीकर सतीश महाना ने कहा, "क्या किसी ने कभी दान में दिया हुआ पैसा वापस मांगा है? समाज में दान की गई किसी भी चीज़ के बारे में सोचिए, क्या किसी ने कभी उसे वापस मांगा है? अगर कोई मांगता है, तो वे पैसा वापस करने को तैयार हैं। जैसा कि मैंने कहा, मैंने भगवान के चरणों में थोड़ी राशि समर्पित की थी। मुझे लगता है कि मेरा योगदान इस भव्य मंदिर का हिस्सा है। इसमें सचमुच लोगों का पैसा लगा है। अगर कोई इसे वापस चाहता है, जिसे लगता है कि उसका पैसा चोरी हुआ है तो सरकार और ट्रस्ट चोरी के मामले में कार्रवाई कर रहे हैं। चोरी करने वाले व्यक्ति पर कड़ा एक्शन होना चाहिए। चाहे व्यक्ति निचले स्तर का हो या ऊंचे पद पर हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
दरअसल अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की टिप्पणी ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है और विपक्ष ने इसकी कड़ी आलोचना की है। समाजवादी पार्टी के नेता आशुतोष वर्मा ने महाना के बयान को बेहद बेतुका बताया। वहीं कांग्रेस ने भी महाना की आलोचना की है। कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता राम मंदिर में दिए गए दान की सुरक्षा करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि चोरी से 140 करोड़ भारतीयों की आस्था को ठेस पहुंची है और स्पीकर की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा, "क्या लोगों की दान देने की श्रद्धा को मापने के लिए कोई GPS लगा था?"
