Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा परिवार समेत बाल-बाल बचे, यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती कार में लगी आग


बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। वह परिवार समेत बाल-बाल बचे हैं। दरअसल उनकी कार में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलते समय आग लग गई। समय रहते कार सवार सभी लोग बाहर निकल आए और अनहोनी टल गई।

थाना सुरीर इलाके के यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब प्रसिद्ध बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा के परिवार की चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। समय रहते परिवार के सभी सदस्य वाहन से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना थाना सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन-84 के पास सोमवार रात करीब 2 बजे की है। सूचना मिलते ही थाना सुरीर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के विकासपुरी निवासी तरुण राज अरोड़ा अपनी पत्नी ज्योति अरोड़ा, पुत्र अभिनव अरोड़ा तथा पुत्री मन्नत अरोड़ा के साथ यूपी के वृंदावन से दिल्ली लौट रहे थे।

वे डस्टर कार संख्या DL8CAQ0548 से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान कार से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग की लपटें निकलने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। आग बुझने के बाद परिवार के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित दिल्ली रवाना कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वाहन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने शीघ्र ही सामान्य करा दिया।

गौरतलब है कि अभिनव अरोड़ा सोशल मीडिया पर काफी फेमस हैं और उनके वीडियो वायरल होते रहते हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |