पौधों में चावल का पानी डालने से क्या होता है?
July 15, 2026
घर में पेड़-पौधे लगाना सिर्फ एक शौक नहीं, बल्कि जीने का एक खूबसूरत सलीका है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी घर का एक छोटा सा हरा-भरा कोना हमें सुकून और ताजगी का अहसास कराता है। लेकिन पौधे की सही देखभाल न करने की वजह से ये जल्दी सूख जाते हैं। ऐसे में इसे हरा भरा रखने के लिए लोग खाद का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन शायद आपको मालूम नहीं है कि महंगे खाद की जगह आप चावल का पानी इस्तेमाल कर सकते हैं। जब हम चावल धोते हैं या उसे उबालते हैं, तो पानी में कई ऐसे पोषक तत्व आ जाते हैं जो पौधों के विकास के लिए रामबाण साबित होते हैं। ऐसे में यहां हम आपको बताने जा रहे हैं पौधों में चावल का पानी डालने से क्या होता है।
1. पोषक तत्वों का खजाना
चावल के पानी में स्टार्च के साथ-साथ नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटेशियम, कैल्शियम, आयरन और जिंक जैसे पोषक तत्व होते हैं। यह एक हल्के,आर्गेनिक फर्टीलाइजर के रूप में काम करता है, जो पौधों की जड़ों को मजबूत बनाता है और उनकी ग्रोथ में मदद करता है।
2. गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा
चावल के पानी में मौजूद स्टार्च मिट्टी में रहने वाले गुड बैक्टीरिया और फंगस पौधों के लिए भोजन का काम करता है। जब ये बैक्टीरिया सक्रिय होते हैं, तो मिट्टी की उपजाऊ क्षमता बढ़ती है और ऑर्गेनिक मैटर जल्दी टूटता है, जिससे पौधे पोषक तत्वों को आसानी से सोख पाते हैं।
3. बेहतर फूल और फल आना
पोटेशियम और फास्फोरस की मौजूदगी के कारण, चावल का पानी विशेष रूप से फूलों और इनडोर प्लांट्स के लिए बहुत फायदेमंद है। इसके नियमित इस्तेमाल से पौधों में कलियां ज्यादा बनती हैं और फूलों का रंग भी निखर कर आता है।
इस्तेमाल करने का सही तरीकाचावल धोते समय जो सफेद पानी निकलता है, उसे सीधे पौधों में डाला जा सकता है। यह सबसे सुरक्षित और आसान तरीका है।
यदि आप उबले हुए चावल का पानी इस्तेमाल कर रहे हैं, तो ध्यान रखें कि उसमें नमक या तेल बिल्कुल न हो। इसे पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर इसमें बराबर मात्रा में सादा पानी मिलाकर ही पौधों में डालें।
चावल के पानी को एक दिन के लिए ढककर रख दें। इससे इसमें गुड बैक्टीरिया बढ़ जाते हैं। अगले दिन इसे सादे पानी में मिलाकर पौधों की जड़ों में दें।
