केरल की कांग्रेस विधायक को आया कॉल, सच सामने आने पर उड़ गए होश!
July 15, 2026
अगर कोई आपको फोन करके कहे कि 3 करोड़ रुपये दीजिए और बदले में मंत्री बन जाइए, तो शायद यकीन करना मुश्किल होगा. लेकिन केरल की कांग्रेस विधायक विद्या बालकृष्णन के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. एक शख्स ने खुद को प्रियंका गांधी के कार्यालय से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि वह जल्द होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें मंत्री बनवा सकता है. हालांकि, विधायक ने समय रहते पूरे मामले को भांप लिया और ठग की चाल नाकाम कर दी. अब इस मामले की जांच साइबर सेल कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, 6 जुलाई को विधायक विद्या बालकृष्णन को व्हाट्सऐप पर एक कॉल आया. कॉल करने वाले ने अंग्रेजी में बातचीत करते हुए अपना नाम राजकुमार बताया और कहा कि वह वायनाड सांसद प्रियंका गांधी के कार्यालय से बोल रहा है. उसने यह भी दावा किया कि जिले के एक अन्य सांसद ने विधायक का मोबाइल नंबर उसे दिया है.
कॉलर ने कहा कि राज्य सरकार में जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है और वह विद्या बालकृष्णन को मंत्री बनवा सकता है. इसके बदले उसने 3 करोड़ रुपये की मांग रखी. शुरुआत से ही विधायक को बातचीत संदिग्ध लगी और उन्हें समझ आ गया कि यह साइबर ठगी की कोशिश है.
ठगी का शक होने के बावजूद विधायक ने फोन नहीं काटा. उन्होंने करीब 10 मिनट तक कॉलर से बातचीत की और कहा कि वह पैसे देने के लिए तैयार हैं. साथ ही पूछा कि आखिर वह उन्हें मंत्री कैसे बनवाएगा. इस दौरान ठग ने कथित तौर पर पूरी योजना समझाने की कोशिश की.
कॉल खत्म होने के बाद विधायक ने उस सांसद से संपर्क किया, जिसका नाम लेकर ठग ने उनका नंबर मिलने का दावा किया था. सांसद ने बताया कि कुछ समय पहले उन्हें भी एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसने खुद को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय से जुड़ा बताते हुए जिले के दो विधायकों के नंबर मांगे थे.
इसके बाद विधायक और सांसद ने प्रियंका गांधी के वास्तविक कार्यालय से संपर्क किया. वहां से साफ कर दिया गया कि ऐसा कोई फोन नहीं किया गया था और पूरा मामला फर्जी है.
