शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत दक्खिन गांव में रविवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और 22 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दक्खिन गांव निवासी दीपक मिश्रा पुत्र अयोध्या प्रसाद मिश्रा के अनुसार, रात में अज्ञात चोर घर में घुस गए और सोने की चेन, दो अंगूठियां, झुमके, बेसर-नथुनी समेत अन्य कीमती आभूषण तथा 22 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी की जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पीड़ित ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।