Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में छात्र मंत्रिमंडल का भव्य शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह सम्पन्न! नव-निर्वाचित छात्र नेताओं ने अनुशासन, नेतृत्व और सेवा-भाव से दायित्व निभाने की ली शपथ


पीलीभीत। ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए गठित छात्र मंत्रिमंडल (स्कूल कैबिनेट) के शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक देवेन्द्र सिंह छाबड़ा, प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा, उप-प्रधानाचार्य डॉ. आरिज अल्वी, सम्मानित अभिभावकों एवं शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत उप-प्रधानाचार्य डॉ. आरिज अल्वी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नेतृत्व, अनुशासन, सेवा-भाव और उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सच्चा नेता वही होता है जो अपने आचरण और कार्यों से दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।

इसके बाद विद्यालय के नव-निर्वाचित छात्र मंत्रिमंडल का अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी छात्र पदाधिकारियों को उनके अभिभावकों, प्रबंध निदेशक देवेन्द्र सिंह छाबड़ा एवं प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा द्वारा बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया।

समारोह में कक्षा 12 विज्ञान के प्रशांत को हेड बॉय तथा कक्षा 12 विज्ञान की मनाल फातिमा को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। कक्षा 12 वाणिज्य के स्कंद गंगवार को स्पोर्ट्स कैप्टन एवं कक्षा 11 वाणिज्य की सृष्टि शर्मा को स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन का दायित्व सौंपा गया।

विद्यालय के चारों सदनों के लिए भी छात्र प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। ग्लोरियस (रेड) हाउस की कैप्टन आध्या द्विवेदी एवं वाइस कैप्टन अरनप्रीत सिंह, यूथ (येलो) हाउस के कैप्टन अनुज कुमार एवं वाइस कैप्टन नैन्सी बिस्वास, एम्बिशियस (ग्रीन) हाउस के कैप्टन योगराज एवं वाइस कैप्टन वंशिका एस. चैहान तथा नोबल (ब्लू) हाउस की कैप्टन मनप्रीत कौर एवं वाइस कैप्टन आफरीन नूरी को भी बैज और सैश प्रदान किए गए।

विद्यालय की विभिन्न समितियों के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। डिसिप्लिन कमेटी, कल्चरल कमेटी, ईको क्लब, साइंस क्लब तथा प्रीफेक्ट्स के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को उनके दायित्वों के अनुरूप अलंकृत किया गया।

अलंकरण के पश्चात सभी छात्र नेताओं ने विद्यालय के आदर्शों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने की शपथ ली। हेड गर्ल मनाल फातिमा एवं हेड बॉय प्रशांत ने अपने संबोधन में सभी विद्यार्थियों से नेतृत्व, सहयोग, अनुशासन और उत्कृष्टता की भावना अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ, जिससे दोनों के बीच विश्वास एवं सहभागिता और अधिक मजबूत हुई।

अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक देवेन्द्र सिंह छाबड़ा ने कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ अधिकार प्राप्त करना नहीं, बल्कि सेवा, उत्तरदायित्व और समर्पण की भावना से कार्य करना है। वहीं प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा ने छात्र नेताओं से विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आदर्श बनने तथा सत्य, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का सदैव पालन करने का संदेश दिया।समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में हेडमिस्ट्रेस कविता सिंह, सीनियर एकेडमिक को-ऑर्डिनेटर जय प्रकाश शर्मा, दीपक पाठक, शालू शुरी, भावना, कुशाग्र त्रिपाठी, आशीष मनराल एवं हिमानी बिष्ट सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे समारोह का वातावरण उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा-भाव विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायी साबित हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |