जिलाधिकारी के नेतृत्व में लंबित एसीपी प्रस्तावों को मिली मंजूरी, कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ व मिठाई खिलाकर जताया आभार
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ, जनपद शाखा पीलीभीत के लंबे समय से लंबित नवंबर 2025 से संबंधित एसीपी (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) प्रकरणों के निस्तारण के बाद सफाई कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। 30 जुलाई 2026 को जिला प्रशासन की पहल पर बड़ी संख्या में कर्मचारियों की एसीपी स्वीकृत होने पर कर्मचारी संघ ने जिला प्रशासन के अधिकारियों का सम्मान कर आभार व्यक्त किया। संगठन के अनुसार, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह (आईएएस) के कुशल नेतृत्व, सुदृढ़ प्रशासनिक कार्यशैली और प्रभावी मार्गदर्शन के चलते यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। वहीं मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई प्रक्रिया के अंतर्गत जनपद में कार्यरत 1270 ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में से 1053 कर्मचारियों की द्वितीय एसीपी तथा 15 कर्मचारियों की प्रथम एसीपी स्वीकृत की गई। लंबे समय से लंबित इस प्रक्रिया के पूर्ण होने से कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में जिला कमेटी, विभिन्न विकास खंडों के ब्लॉक अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, नियुक्ति अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी, लेखा अधिकारी (ईईओ), वरिष्ठ सहायक रामेश्वर बाबू, प्रशासनिक अधिकारी ग्राम विकास, सहायक सचिन कुमार तथा भूपेंद्र बाबू को पुष्पगुच्छ भेंट कर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। कर्मचारियों ने अधिकारियों के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की सकारात्मक पहल से वर्षों से लंबित मांग पूरी हो सकी है।जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने कहा कि कर्मचारी संगठन लंबे समय से एसीपी स्वीकृत कराने के लिए प्रयासरत था। जिला प्रशासन ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में कर्मचारियों को इसका लाभ मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष लंबित मामलों का भी शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।
सम्मान कार्यक्रम के दौरान जिला मंत्री रामसेवक वाल्मीकि, जिला कोषाध्यक्ष देवेश राठौर, जिला संगठन मंत्री हरपाल वर्मा, जिला संप्रेक्षक माजिद अली, उपाध्यक्ष अमित कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष बली मोहम्मद, मीडिया प्रभारी वाहिद अली, प्रचार मंत्री शाहिद नबी सहित ब्लॉक अध्यक्ष हरनारायण, शिवकुमार, राजेश बाबू, हरद्वारी लाल, वेद प्रकाश एवं जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए अनेक ग्रामीण सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सभी अधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन और कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
