नागपुर रेलवे स्टेशन पर युवक ने किया हंगामा, मालगाड़ी पर चढ़कर पकड़ लिया बिजली का तार
July 14, 2026
महाराष्ट्र के नागपुर में एक रेलवे स्टेशन पर युवक ने जमकर हंगामा किया। आज सुबह ये युवक पहले एक मालगाड़ी पर चढ़ गया और ओएचई तार को पकड़ने की कोशिश करने लगा। लेकिन बिजली का प्रवाह रोके जाने की वजह से तार में करंट नहीं आया।
करंट नहीं आने से युवक ने तेजी से छलांग लगाई और सामने खड़ी एक और मालगाड़ी पर पहुंच गया और बिजली के तार को पकड़ लिया। इस तार में करंट होने की वजह से युवक बुरी तरह झुलस गया। युवक को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है।
मार्च 2026 में ही महाराष्ट्र के ठाणे में भी एक शख्स ओवरहेड उपकरण (OHE) के खंभे पर चढ़ गया था और पटरी पर गिरने से गंभीर रूप से घायल भी हो गया था। शख्स की उम्र 35 साल के आसपास थी और अधिकारियों की तमाम मिन्नतों के बावजूद वह खंभे पर चढ़ा रहा और फिर फिसलकर पटरी पर गिर गया। इस घटना में उसकी हालत गंभीर हो गई थी।
गौरतलब है कि इस तरह की घटनाएं ट्रेन सेवाएं पर प्रभाव डालती हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
एक तरफ रेलगाड़ी पर युवक के चढ़ने से मौके पर हड़कंप की स्थिति रही, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र में हो रही बारिश की वजह से भी रेल सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। दरअसल बारिश के मौसम में महाराष्ट्र में तमाम जगहों पर पानी भर जाता है, जिसकी वजह से ट्रेनें लेट भी होती हैं और उन्हें कैंसिल भी करना पड़ता है। ऐसे में ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ट्रेन के ऊपर चढ़कर हंगामा क्रिएट करने वालों के खिलाफ अधिकारियों को सख्त एक्शन लेने की जरूरत है क्योंकि अगर इस तरीके की घटनाएं बढ़ती हैं तो उनका असर न केवल हंगामा करने वाले तक सीमित है बल्कि यह हजारों यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचने में बाधा पैदा करता है। दूसरी ओर लोगों का कहना ये भी है कि ट्रेन पर चढ़कर अपनी बात मनवाने की बजाय प्रदर्शनकारी को संबंधित विभाग के अधिकारी से अपनी बात कहनी चाहिए।
