प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की विपणन विकास सहायता योजना (एस0सी0एस0पी0) के अंतर्गत विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए तहसील पट्टी के धरौली मुफरिद में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रभारी ग्रामोद्योग अधिकारी रहेन्द्र कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्मा देवी रहीं। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि) राजेश कुमार, भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शेष कुमार वर्मा, समाजसेवी सियाराम वर्मा, डॉ. प्रवीन वर्मा, प्रभारी कृषि बीज गोदाम फूलचन्द्र पटेल, मधुमक्खी पालन के यू-ट्यूबर शिवशंकर पटेल, अशोक कुमार, श्याम बहादुर यादव, सिद्धान्त मौर्य सहित ग्रामीण एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों एवं अतिथियों ने ग्रामीणों को विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थी उद्योग एवं स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं। शिविर में योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, वित्तीय सहायता तथा लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई। प्रभारी ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को सरकारी स्वरोजगार योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय प्रभारी राम अजीत पटेल ने किया।
