दिल्ली के लाल किला में पर्यटकों की एंट्री हुई बंद
July 16, 2026
दिल्ली का ऐतिहासिक लाल किला परिसर 15 जुलाई से लेकर 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह यानी 15 अगस्त तक आम जनता के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया है।
9 जुलाई को जारी आदेश के मुताबिक, प्राचीन स्मारक और पुरातत्व स्थल अवशेष नियम, 1959 के नियम 5 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए लाल किले को 15 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक आम लोगों और पर्यटकों के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है।
एक वरिष्ठ ASI अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के लिए हर साल इस तरह के आदेश जारी किए जाते हैं। यूनेस्को (UNESCO) की इस विश्व धरोहर स्थल पर 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में कड़ी सुरक्षा के बीच केवल सरकारी पास वाले लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
लाल किला को इस साल पहली बार 30 दिन के लिए बंद नहीं किया जा रहा, बल्कि इससे पहले 2025 भी यह 30 दिन के लिए बंद हो चुका है। यह क्रम 2022 से चल रहा है। हालांकि, पहले लाल किला को बंद करने की अवधि कम होती थी। वर्ष 2021 में किले को 21 जुलाई से 15 अगस्त तक 26 दिन के लिए बंद किया गया था। वहीं, वर्ष 2018 में 8 से 15 अगस्त तक केवल 8 दिन के लिए बंद किया गया था।
