फर्रुखाबाद। ब्रह्माकुमारीज फर्रुखाबाद सेवा केंद्र में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं परमपिता परमात्मा शिव बाबा के स्मरण से हुआ।
सेवा केंद्र प्रभारी बीके शोभा दीदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि संसार में अनेक गुरु हो सकते हैं, लेकिन सच्चे सतगुरु निराकार परमपिता परमात्मा शिव बाबा हैं। वे ही आत्माओं को सत्य ज्ञान देकर अज्ञान के अंधकार से निकालकर सुख, शांति और पवित्रता का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, आत्मपरिवर्तन और ईश्वरीय शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का श्रेष्ठ अवसर है।
कार्यक्रम में राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया तथा सतगुरु शिव बाबा की महिमा का गुणगान किया गया। उपस्थित भाई-बहनों ने ईश्वरीय महावाक्यों का श्रवण कर अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने विश्व शांति, मानव कल्याण तथा नशामुक्त एवं मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण के लिए अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज परिवार, नगर के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
