ईरान ने 52000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला, उस पर हमले जारी रहेंगे- डोनाल्ड ट्रंप
July 14, 2026
मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर खत्म हो गया है। दोनों देशों ने एक बार फिर से एक दूसरे के ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं। अमेरिका ने ईरान पर लगातार तीसरी रात हमला किया और बंदर अब्बास, कोनारक और चाबहार पोर्ट को निशाना बनाया है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका को और खुद को 'गार्डियन ऑफ द होर्मुज स्ट्रेट' करार देते हुए कहा है कि होर्मुज की सुरक्षा की जिम्मेदारी अमेरिका संभालेगा और इसके लिए हर कार्गो को 20 फीसदी टैक्स देना होगा। इसके साथ ही ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की है और ईरान पर हमले को लेकर कई अहम जानकारी दी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- "मुझे लगता है कि सब कुछ बहुत तेजी से हो रहा है। हमने ईरान की सेना को तबाह कर दिया है, हम उन पर जोरदार हमले कर रहे हैं। कल या परसों ही हमारी एक डील हुई थी, सब कुछ तय हो गया था। फिर उन्होंने तुरंत ही वह डील तोड़ दी क्योंकि उन्हें डील में कोई ऐसी बात लगी जो उन्हें पसंद नहीं आई। उनकी सोच अलग है, और हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम बस आगे बढ़ रहे हैं। हम आज रात उन पर हमला कर रहे हैं, और होर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Strait) से जुड़ी उनकी हर तरह की क्षमता को खत्म कर रहे हैं।
ट्रंप ने कहा- " आखिरकार हम पूरी स्थिति को अपने कंट्रोल में ले लेंगे। ईरान जो कर रहा है वह बहुत बेवकूफी भरा और मूर्खतापूर्ण है, और उन्होंने लोगों के साथ बहुत बुरा बर्ताव किया है। अब तक हमारे हिसाब से 52,000 प्रदर्शनकारी मारे जा चुके हैं, हो सकता है यह संख्या इससे ज़्यादा हो। यह सच में बहुत भयानक स्थिति है। हम जल्द ही इसे कंट्रोल में ले लेंगे। दो दिन पहले ही हमारी एक डील हुई थी, और फिर उन्होंने कहा कि अरे, हम वह डील नहीं कर सकते। हमें इस पर और बातचीत करनी होगी। वे 47 साल से यही करते आ रहे हैं। फर्क यह है कि कोई भी उस तरह बातचीत नहीं करता जैसे मैं करता हूं। सच कहूं तो, वे 47 सालों से वे सबको ठग रहे हैं और बहुत नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने 52,000 प्रदर्शनकारियों को मारा।"
ट्रंप ने कहा- "आज रात हम ईरान पर जबरदस्त हमला कर रहे हैं। हमारे पास भारी मात्रा में गोला-बारूद है। हम उन पर कड़ा हमला कर रहे हैं, और यह जारी रहेगा, और हम देखेंगे कि क्या होता है। हम उनकी हमले की सभी क्षमता को तबाह कर रहे हैं।" ट्रंप ने आगे ये भी बताया कि "अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट को कंट्रोल कर रहा है। हम फिर से नाकाबंदी लागू कर रहे हैं। यह नाकाबंदी केवल ईरान के लिए है। दूसरे शब्दों में, ईरान के साथ व्यापार करने वाला कोई भी व्यक्ति यहां से नहीं गुजर सकता।"
ट्रंप ने कहा- "हम ईरान में चार महीने से हैं। हमने एक महीने में उनकी नौसेना को नष्ट कर दिया। हमने उनकी वायु सेना को भी नष्ट कर दिया। हमने ईरान के अधिकांश मिसाइलों और ड्रोनों को नष्ट कर दिया। हमने उनकी ड्रोन निर्माण क्षमता का लगभग 92% नष्ट कर दिया। उनकी मिसाइल निर्माण क्षमता का 89% नष्ट कर दिया। उनके पास थोड़ी बहुत क्षमता बची है, लेकिन हमारे मुकाबले उनकी कोई क्षमता नहीं है। यह लगभग एक सैन्य झड़प है। चार महीने पहले, ईरान के पास एक बेहद ताकतवर सेना थी, मध्य पूर्व में अब तक की सबसे शक्तिशाली सेना। उन्हें मध्य पूर्व का दबंग कहा जाता था। अब उनके पास नौसेना नहीं है। उनके पास पानी के नीचे 159 जहाज हैं, उनके पास 230 हमलावर विमान थे; वे सब नष्ट हो गए हैं। उनके पास बेहतरीन रडार थे; वे सब नष्ट हो गए हैं। दुख की बात है कि उनका नेतृत्व भी खत्म हो गया है। उनके पहले और दूसरे स्तर के सभी नेता मर चुके हैं। उनके तीसरे स्तर के नेता, जिनसे हम निपट रहे हैं, उनमें से कुछ तो लगभग मर चुके हैं।"
ट्रंप ने कहा- "हमने उनकी क्षमता को बहुत हद तक कम कर दिया है। लेकिन वे कुछ समय तक लड़ेंगे। हमारी सेना ने बहुत बढ़िया काम किया है। ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा। अगर हमने B-2 बॉम्बर्स से उन पर बमबारी न की होती तो उनके पास बहुत पहले ही परमाणु हथियार आ गया होता। अगर उनके पास परमाणु हथियार होता, तो शायद इजराइल और मध्य पूर्व अब हमारे बीच न होते। हमने अभी देखा कि उन्होंने 5 अलग-अलग देशों में मिसाइलें भेजीं। हमें पता भी नहीं चला कि वे इसमें शामिल थे क्योंकि वे पूरी तरह से सनकी हैं, हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
