- विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल ने किया परीक्षण, 4 अगस्त को अमरिया में लगेगा अगला कैंप
पीलीभीत। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत दिव्यांग छात्र-छात्राओं को आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने और उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) बरखेड़ा में मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए दिव्यांग छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी दिव्यांगता का आकलन किया गया। इस दौरान अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर अपने बच्चों का पंजीकरण कराया।कैंप में कुल 31 दिव्यांग छात्र-छात्राओं का पंजीकरण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की ओर से गठित विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल ने एक-एक छात्र-छात्रा का विस्तृत परीक्षण किया। चिकित्सकों ने बच्चों की शारीरिक एवं अन्य दिव्यांगताओं का परीक्षण कर आवश्यक अभिलेखों का भी सत्यापन किया। परीक्षण के बाद पात्र पाए गए 14 छात्र-छात्राओं को मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए, जिससे उन्हें शिक्षा, छात्रवृत्ति, सहायक उपकरण तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।कैंप में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. संजीव सक्सेना, फिजिशियन डॉ. संजीव कुमार, नेत्र सर्जन डॉ. सुरभि सिंह, ईएनटी सर्जन डॉ. प्रवीण शर्मा तथा डॉ. सचिन प्रजापति ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने बच्चों की दिव्यांगता का परीक्षण कर निर्धारित मानकों के अनुरूप रिपोर्ट तैयार की। जिन बच्चों के दस्तावेज पूर्ण पाए गए और जो निर्धारित मानकों पर पात्र मिले, उन्हें तत्काल प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। वहीं अन्य बच्चों के मामलों में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।समग्र शिक्षा अभियान से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित करने का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। ब्लॉक स्तर पर ही चिकित्सकीय परीक्षण और प्रमाण पत्र जारी होने से समय और धन दोनों की बचत होती है। साथ ही दिव्यांग बच्चों का विद्यालयों में नामांकन, समावेशी शिक्षा तथा विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करना भी आसान हो जाता है।कैंप के दौरान स्पेशल एजुकेटर रामदास, राजेश कुमार, संजीव मिश्रा, पंकज कुमार और अनिल सोनकर सहित समग्र शिक्षा अभियान से जुड़े कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने कैंप के सफल संचालन में सहयोग किया।
जिला समन्वयक (समग्र शिक्षा) राकेश पटेल ने बताया कि जनपद के सभी विकासखंडों में चरणबद्ध तरीके से ऐसे मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अगला कैंप 4 अगस्त को ब्लॉक संसाधन केंद्र अमरिया में लगाया जाएगा, जहां क्षेत्र के दिव्यांग छात्र-छात्राओं का पंजीकरण, चिकित्सकीय परीक्षण और पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
