पीलीभीत। नैनीताल बैंक की स्थापना के 105 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय सैदपुर में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक सरोकारों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को उपहार वितरित किए और उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में नैनीताल बैंक के शाखा प्रबंधक राजीव कुमार शर्मा, सहायक शाखा प्रबंधक प्रकुंज सक्सेना, बैंक अधिकारी राजू कश्यप एवं श्वेता कटियार ने विद्यालय के बच्चों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों को जीवन में सफलता के नए आयाम तक पहुंचाती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापक प्रीति सिंह एवं सहायक अध्यापक मंजरी सक्सेना ने बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें पढ़ाई के प्रति और अधिक प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न संस्थानों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में सहयोगात्मक पहल सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों एवं विद्यालय स्टाफ ने छात्र-छात्राओं को छोटे-छोटे उपयोगी उपहार वितरित किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने बैंक अधिकारियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
समारोह के अंत में बैंक अधिकारियों ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर बैंक के अन्य प्रतिनिधि, विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
