Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः इनाम की हुई घोषणा तो प्रधान के ऊपर जानलेवा हमला करने वाले हमलावर हुए गिरफ्तार


प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के खनवारी गांव के प्रधान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले की विवेचना बदलने और आरोपियों पर ₹10-10 हजार का इनाम घोषित होने के बाद पुलिस की सक्रियता तेज हुई, जिसके चलते दोनों इनामिया आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।

6 फरवरी 2026 को संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के खनवारी गांव में प्रधान पद के चुनाव को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई थी। आरोप है कि नामजद और अज्ञात हमलावरों ने ग्राम प्रधान सुशील शुक्ल के ऊपर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। मामले में संग्रामगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था और विवेचना के दौरान गंभीर धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई थी।

घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा फरार अभियुक्तों पर ₹10-10 हजार का इनाम घोषित किए जाने तथा विवेचना में तेजी आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। गुरुवार को एसओ  मनोज कुमार तोमर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अर्रो नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दो इनामिया आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में देव तिवारी (24 वर्ष) निवासी कालू सिंह का पुरवा तथा अमन सरोज (19 वर्ष) निवासी खनवारी थाना संग्रामगढ़ शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गुरदीप सिंह, उपनिरीक्षक विनय वर्मा, कांस्टेबल रामनरेश जाट एवं कांस्टेबल बीरपाल शामिल रहे।

गौरतलब है कि खनवारी प्रधान हमले का मामला जिले में काफी चर्चित रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता के रूप में देख रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |