प्रतापगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त विकास खण्डों, अमृत सरोवरों, नगरीय निकायो, नदी व नहरों, विद्यालयों आदि स्थलों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश दिया गया और लोगों से अपील की गयी कि ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अवश्य लगाये जिससे हमारा पर्यावरण हरा-भरा एवं स्वच्छ रहे। इस कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, कर्मचारियों आदि ने प्रतिभाग करते हुये पौधरोपित किया।
इसी प्रकार जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न पेयजल परियोजनाओं, ओएचटी परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगभग 1300 छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया।
अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) तौसीफ अहमद ने बताया कि “वृक्ष हमारे जीवन एवं पर्यावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। जिस प्रकार एक बच्चे की देखभाल प्रेम एवं जिम्मेदारी के साथ की जाती है, उसी प्रकार लगाए गए पौधों का भी नियमित संरक्षण एवं देखभाल किया जाना आवश्यक है, तभी वृक्षारोपण अभियान का वास्तविक उद्देश्य सफल होगा।” उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन केवल प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने का भी अभियान है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
.jpg)