अमेठीः बड़े मंगल पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शरबत वितरण
June 02, 2026
अमेठी। ज्येष्ठ माह के पावन बड़े मंगल के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि द्वारा श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए ठंडे शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने सभी जनपदवासियों को बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं और सेवा, सद्भाव तथा जनकल्याण की भावना को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों ने शरबत ग्रहण कर भीषण गर्मी से राहत पाई। कार्यक्रम स्थल पर लोगों का उत्साह देखने लायक था और उपस्थित लोगों ने इस जनसेवा के कार्य की सराहना की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि बड़े मंगल का पर्व मानव सेवा, परोपकार और सामाजिक एकता का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से जरूरतमंदों की सहायता करने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। शरबत वितरण कार्यक्रम देर तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ जनसेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
