Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मुख्यमंत्री योगी ने नगर निगम के जीरो वेस्ट स्टॉल की सराहना की

•सिंगल यूज प्लास्टिक के बदले गोबर से बने उत्पाद देने की 
   पहल बनी आकर्षण का केंद्र, 
• जीरो वेस्ट लाइफस्टाइल अपनाने का दिया संदेश

नगर निगम की जीतों वेस्ट प्रदर्शनी स्टॉल का निरीक्षण करते सीएम योगी आदित्यनाथ, जानकारी देते हुए नगर आयुक्त

मुरादाबाद (विधान केसरी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद दौरे के दौरान जनसभा स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम मुरादाबाद के जीरो वेस्ट प्रदर्शनी स्टॉल का भी निरीक्षण किया और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त समाज के लिए किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।
स्टॉल पर नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल (आईएएस) ने मुख्यमंत्री को नगर निगम द्वारा संचालित जीरो वेस्ट अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम प्रतिदिन स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को जीरो वेस्ट जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। अभियान का उद्देश्य घरों से निकलने वाले कचरे को कम करना तथा पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध विशेष अभियान शुरू किया है। इसके अंतर्गत नागरिकों से उनके घरों में एकत्रित सिंगल यूज प्लास्टिक लेकर बदले में कान्हा गौशाला में गोवंश के गोबर से निर्मित उपयोगी एवं पर्यावरण अनुकूल उत्पाद दिए जाते हैं। इस अभिनव पहल से लोगों में प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक जागरूकता विकसित हो रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम नागरिकों को घरेलू कचरे से सजावटी एवं उपयोगी वस्तुएँ, विभिन्न प्रकार के क्राफ्ट तथा अन्य पुनर्चक्रित उत्पाद तैयार करने के लिए भी प्रोत्साहित कर रहा है। इससे कचरे की मात्रा में कमी आने के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता और संसाधनों के बेहतर उपयोग की भावना भी मजबूत हो रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम मुरादाबाद की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को जनआंदोलन का रूप देने के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने नगर निगम की टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल अन्य निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान स्टॉल पर प्रदर्शित पर्यावरण अनुकूल उत्पादों, पुनर्चक्रण आधारित नवाचारों और जीरो वेस्ट मॉडल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आगंतुकों का भी विशेष ध्यान आकर्षित किया। नगर निगम की इस पहल को स्वच्छ एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |