लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देशों पर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को नगर निगम ने ग्राम तिवारीपुर, तहसील बक्शी का तालाब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया। अभियान के दौरान अवैध रूप से की गई प्लाटिंग एवं अस्थायी बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के आदेशानुसार प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) रामेश्वर प्रसाद एवं तहसीलदार नगर निगम अरविंद पाण्डेय द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम राजेन्द्र कुमार ने किया।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों, प्लाटिंग एवं अस्थायी बाउंड्रीवाल को हटाया। अभियान में नगर निगम के जेई अम्ब्रीश वर्मा, लेखपाल अविनाश मिश्रा एवं चैनमैन जीतेन्द्र सिद्धार्थ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए थाना जानकीपुरम पुलिस एवं नगर निगम की ईटीएफ टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासनिक टीम की सतर्कता के चलते कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
अभियान के तहत ग्राम तिवारीपुर स्थित खसरा संख्या 336 एवं 337 की बंजर भूमि से लगभग 0.0704 हेक्टेयर क्षेत्रफल को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 2 करोड़ 65 लाख रुपये आंका गया है।
कार्रवाई के दौरान तहसील बक्शी का तालाब के लेखपाल सुरेन्द्र गौतम एवं सर्वेश पाल सहित नगर निगम, पुलिस विभाग एवं ईटीएफ की टीम मौके पर उपस्थित रही।
