Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

गाजीपुरः फूंके ट्रांसफार्मरों के बदलने में लापरवाही, सैकड़ों उपभोक्ता अंधेरे में


भांवरकोल/गाजीपुर। विद्युत विभाग द्वारा फूंके हुए ट्रांसफार्मरों को समय से न बदले जाने के कारण क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है। भीषण गर्मी के बीच कई गांवों में लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं, वहीं सिंचाई और छोटे व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं।

शेरपुर कला में रमेश यादव के डेरा के पास लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगभग एक माह से फूंका पड़ा है। ट्रांसफार्मर की एक फेज किसी तरह चालू होने के कारण कुछ घरों में केवल नाममात्र की बिजली मिल पा रही है। इसके अलावा शेरपुर कला में तेजू राय के डेरा के पास लगा 25 केवीए, राजकीय नलकूप संख्या-278 वाईजी के पास लगा 25 केवीए, कुंडेसर तथा लोचाइन स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर के पास लगे 25-25 केवीए के ट्रांसफार्मर भी पिछले पांच-छह दिनों से फूंके पड़े हैं।

इसी क्रम में अमरूपुर का 25 केवीए ट्रांसफार्मर भी जल गया है, जिससे वहां के उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। वहीं पिडरोई गांव में लगा 63 केवीए ट्रांसफार्मर तेज हवा के दौरान पोल से उखड़कर नीचे गिर गया, जिसके कारण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। इसके अलावा धर्मपुरा-फिरोजपुर मार्ग पर लगा 25 केवीए ट्रांसफार्मर भी खराब होने से आपूर्ति प्रभावित है।

ट्रांसफार्मरों के खराब होने से विभिन्न गांवों के सैकड़ों उपभोक्ता अंधेरे में रहने को विवश हैं। गर्मी के मौसम में पेयजल, पंखा, कूलर और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। फिरोजपुर में बिजली न रहने से आटा चक्की बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा संचालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं राजकीय एवं निजी नलकूपों की बिजली आपूर्ति बाधित होने से सिंचाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को भीषण गर्मी और पेयजल संकट से राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |