Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सीएचसी अमेठी का किया निरीक्षण, चैपाल लगाकर ग्रामीणों से किया संवाद! महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध-डॉ. प्रियंका मौर्या


अमेठी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने बुधवार को अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया, ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। सर्वप्रथम डॉ. प्रियंका मौर्या ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचकर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था तथा मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को विशेष महत्व दे रही है तथा यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि पात्र लाभार्थियों तक सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत दो नवजात बालिकाओं की माताओं को बेबी किट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके जन्म, शिक्षा तथा सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार बालिकाओं के सर्वांगीण विकास एवं सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके उपरांत राज्य महिला आयोग की सदस्य ने तहसील अमेठी अंतर्गत ग्राम पंचायत जंगल रामनगर में चैपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। चैपाल के दौरान उन्होंने महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा उनके लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों को महिला कल्याण, बाल संरक्षण, स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. प्रियंका मौर्या ने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने तथा सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं सशक्तिकरण योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई तथा पांच बच्चों को पहली बार अन्नप्राशन कराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ मातृत्व एवं कुपोषण मुक्त बचपन एक विकसित समाज की आधारशिला है। सरकार गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अपने भ्रमण के अंतिम चरण में डॉ. प्रियंका मौर्या ने इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज, मुंशीगंज पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को जीवन का लक्ष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. मौर्या ने कहा कि आज की युवा महिलाएं समाज परिवर्तन की वाहक हैं। शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से वे न केवल अपने भविष्य को सशक्त बना सकती हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का भी आह्वान कियज्ञं

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |