बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव दियोहना निवासी राहुल अपने फूफा भारत सिंह के साथ बाइक से पिपरिया की ओर जा रहे थे। आरोप है कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने लापरवाहीपूर्वक उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राहुल और भारत सिंह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां राहुल की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान राहुल ने दम तोड़ दिया। वहीं भारत सिंह का उपचार जारी है। मृतक के पिता जगदीश ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
