लखनऊ। जलकल मुख्यालय ऐशबाग में गुरुवार को आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया गया तथा मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
मई-2026 में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों में जोन-1 के चैकीदार वीरेन्द्र, जोन-2 के पम्प ऑपरेटर राम बहादुर मौर्य, जोन-5 के गैंगमैन सीता राम, जोन-6 के पम्प ड्राइवर सुरेंद्र विक्रम सिंह तथा जोन-30 के फोरमैन कृष्ण देव मिश्रा शामिल रहे। महापौर ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके दीर्घ सेवाकाल और जनसेवा में दिए गए योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर मृतक आश्रित के रूप में मंजू एवं माया देवी को गैंगमैन पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम एवं जलकल विभाग के कर्मचारी शहर की मूलभूत सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का समर्पण और अनुभव सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा, वहीं मृतक आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराना प्रशासन की संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का प्रतीक है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद संदीप शर्मा, पार्षद सौरभ सिंह ‘मोनू’, जीएम जलकल कुलदीप सिंह सहित जलकल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
