कन्नौज । जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने आज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) मानीमऊ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं साफ-सफाई की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के समय एक फार्मासिस्ट एवं एक स्टाफ नर्स उपस्थित मिले, जबकि चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। मौके पर दो से तीन मरीज भी उपचार हेतु उपस्थित मिले। कर्मचारियों के निर्धारित समय पर उपस्थित न होने तथा स्वास्थ्य केन्द्र में अनुशासनहीनता की स्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान भवन के फ्लोर पर पानी जमा पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा मरीजों को साफ-सुथरा एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जो भी अधिकारी अथवा कर्मचारी निर्धारित समय से विलंब से उपस्थित हो अथवा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरते, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने उपस्थित मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा दवाओं की उपलब्धता, उपचार व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मी पूर्ण निष्ठा, समयबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
