पीलीभीत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को वसुंधरा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, के निर्देशानुसार श्रेष्ठ प्रगति महिला कल्याण समिति द्वारा कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप कौर रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में आदर्श नगर पंचायत नौगवां पकड़िया के अधिशासी अधिकारी एजाज अहमद मौजूद रहे। इस दौरान महिला पतंजलि योगपीठ की महिला प्रभारी सुशीला आर्य एवं महिला कोषाध्यक्ष अरुंधति दीक्षित ने योग के महत्व और दैनिक जीवन में इसके लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में श्रेष्ठ प्रगति महिला कल्याण समिति के कार्यकर्ता रेशम देवी शर्मा, गंगोत्री राजपूत, सोनी पांडे, रिचा पांडे, धर्मेंद्र राठौर, श्याम बिहारी शर्मा, अभिषेक भारती, सोनू, ललित कुमार, पुष्पा देवी और मिथिलेश कुमारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित ममता गंगवार, मदनलाल, हेमलता तिवारी, जन शिक्षण संस्थान से संदीप मिश्रा, सेवानिवृत्त कानूनगो ओमप्रकाश श्रीवास्तव, आकाश कुमार लेखा, कार्यक्रम सहायक धीरेंद्र गंगवार और बबली साईं सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने योगाभ्यास में सहभागिता की।कार्यक्रम का संचालन श्रेष्ठ प्रगति महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष प्रभात जगदीश चंद्र मौर्य ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने सभी से नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास और स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित नागरिकों ने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी सक्रिय सहभागिता का आश्वासन दिया।
