पीलीभीत। क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधानसभा क्षेत्र 128 बरखेड़ा की ग्राम पंचायत टाह-पौटा में निशुल्क नेत्र एवं विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, बरेली के सहयोग से आयोजित इस शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने सहभागिता करते हुए ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र की नींव होता है और क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। वहीं श्रवण संबंधी समस्याओं से जूझ रहे जरूरतमंद बुजुर्गों और ग्रामीणों को निशुल्क कान की मशीनें वितरित की गईं। नेत्र परीक्षण के उपरांत पात्र लोगों को मुफ्त चश्मे भी प्रदान किए गए, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र पाल राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिद्वारी लाल गंगवार, प्रेम शंकर गंगवार, नंदलाल लोधी, हरेंद्र कुमार लोधी, छेदालाल गंगवार, चंदन लाल लोधी, डालचंद लोधी, चन्द्र प्रकाश, जसवन्त कुमार राठौर, देव कुमार मौर्य, दिलसुख राम, लीलाधर, मनोहर लाल गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। साथ ही निशक्त जन सेवा संस्थान के संस्थापक समाजसेवी एवं व्यवसायी अमृतलाल अपनी टीम के साथ शिविर में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।
स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज की चिकित्सक टीम, आयोजकों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा और स्वास्थ्य सेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि गांव-गांव तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंच सकें और हर परिवार स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन जी सके।
ष्स्वस्थ बरखेड़ा, समृद्ध बरखेड़ाष् के संकल्प के साथ आयोजित यह शिविर ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।
