बीसलपुर। क्षेत्र के गांव खरदहाई में विद्युत ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण पास में रखे कंडों के बटिहा में आग लग गई। आग लगने से दो परिवारों के कंडे जलकर राख हो गए, जिससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से अचानक निकली चिंगारी कंडों के बटिहा पर जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही दियोरिया विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। मौके पर पहुंचे लाइनमैन वीरेश कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी और अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर अत्यधिक गर्म हो गया था, जिससे चिंगारी निकलने पर आग लग गई।
आग की सूचना मिलते ही बटिहा स्वामी मौके पर पहुंचे और कंडों को अलग-अलग निकालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मदद से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
खरदहाई निवासी सुरेश कुमार पुत्र कल्यान राय ने बताया कि ट्रांसफार्मर के तारों से कई दिनों से धुआं निकल रहा था। इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि आग में उनका तथा उनके चचेरे भाई नन्हें लाल पुत्र सुम्मेर लाल का कंडों का बटिहा जल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर की उपलब्धता की समस्या पहले से बनी हुई है। ऐसे में अधिकांश परिवार चूल्हे पर लकड़ी और कंडों का उपयोग कर भोजन बनाते हैं। कंडे जल जाने से उनके सामने भोजन बनाने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर और जर्जर तारों की समय रहते मरम्मत कराने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
