लखीमपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रधानाचार्या, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य महोदया ने अपने संबोधन में कहा कि “योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक, भावनात्मक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। वर्तमान समय में तनाव, अवसाद एवं जीवनशैली जनित रोगों की बढ़ती चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की कुंजी है।”
उन्होंने सभी विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। सभी उपस्थित जनों ने नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।
